सबसे सस्ता साइप्रस सबसे महंगा फ्रांस

पर्यटन की दृष्टि से महंगे देशों की बात आती है, तो स्विट्जरलैंड, अमेरिका, दुबई जैसी जगहों के नाम घूमने लगते हैं। लेकिन सबसे महंगा है फ्रांस और फ्लाइट रेट्स के साथ महंगा है जापान। भारत तो छवि के अनुरूप सस्ता ही है। फ्लाइट्स के साथ 18वें नंबर पर और उसके बग़ैर 23वें..


आम धारणा है कि घूमने के लिहाज से नॉर्डिक कंट्रीज, दुबई और जापान सबसे महंगे हैं। लेकिन फ्लाइट्स की तुलना करने वाली वेबसाइट स्काई स्कैनर के एक विस्तृत सर्वे में फ्रांस पर्यटन के मामले में सबसे महंगे देश के रूप में सामने आया है। वेबसाइट ने इसके तहत बहुत सारे आइटम्स के लिए किए जाने वाले भुगतान की तुलना की थी। इसमें कॉफ़ी, बीयर, खाना, मैरियट होटल में रुकना और एविस से कार हायर करना शामिल हैं।

इन क़ीमतों में पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण 30 देशों की तुलना की गई और उनमें सबसे सस्ता मिला साइप्रस। भारत का स्थान इसमें 23वां है, यानी वह सस्ते के ज्यादा क़रीब है। सस्ते देशों में साइप्रस के पहले दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस हैं, जबकि महंगे देशों में फ्रांस के बाद क्रमश: स्विट्जरलैंड, डेनमार्क, ब्राजील और रूस का नंबर है। अमेरिका इस सूची में 17वें नंबर पर है, यानी न सस्ता, न महंगा।

हालांकि तमाम क़ीमतों के साथ फ्लाइट्स की कॉस्ट भी जोड़ ली जाए, तो जापान घूमने के लिए सबसे महंगा देश हो जाता है और फ्रांस तीसरे नंबर पर पहुंच जाता है। तब ब्राजील, स्विट्जरलैंड और डेनमार्क क्रमश: दूसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर आते हैं। इस सूची में भारत थोड़ा महंगा होकर 18वें स्थान पर पहुंच जाता है। फ्लाइट्स को शामिल किए जाने पर मोरक्को, ग्रीस और साइप्रस आख़िरी स्थानों पर आते हैं।

वैसे, आमतौर पर भारत को पर्यटन के लिए सस्ता देश माना जाता है। इसकी पुष्टि ब्रिटेन में हुए सर्वे से भी होती है, जिसके तहत डेढ़ हजार लोगों से सवाल पूछे गए थे। उनमें से ज्यादातर ने भारत, थाइलैंड और मोरक्को को सबसे सस्ता बताया।

लेकिन सबसे हैरान कर देने वाली रही दुबई की पोजीशन। करोड़पतियों के प्लेग्राउंड की इमेज के कारण उसे पांचवां सबसे महंगा बताया गया, लेकिन वास्तविक सूची में वह 12वें नंबर पर है और फ्लाइट्स कॉस्ट को मिलाकर 14वें स्थान पर। महंगे डेस्टीनेशंस की सूची में छठे से दसवें स्थान पर क्रमश: जापान, इटली, स्पेन, आइसलैंड और मैक्सिको हैं, जबकि फ्लाइट्स को शामिल किए जाने पर ये क्रमश: ऑस्ट्रेलिया, मैक्सिको, न्यूजीलैंड, रूस और कनाडा होते हैं। इस सूची में अमेरिका 13वें स्थान पर आता है।


किन क़ीमतों की तुलना की गई
कॉफ़ी, बीयर, खाना, मैरियट होटल में ठहरना, एविस से कार लेना आदि। फ्लाइट्स को भी शामिल किए जाने पर लिस्ट काफ़ी बदल गई।
 

Attachments

  • paris1_f.jpg
    paris1_f.jpg
    14.6 KB · Views: 162
Top