यह चोर है या स्पाइडरमैन


नाम : हयात सिंह
उम्र : 22 साल
योग्यता : आठवीं पास
काम : चोरी
वह आठवीं पास है, मगर शातिर है। बिना किसी डिप्लोमा कोर्स के उसे कंप्यूटर के सभी पार्ट्स की जानकारी है। उसे कंप्यूटर ठीक करना आता है। इसलिए अपने आपको कंप्यूटर इंजीनियर भी कहता है। उसके खतरनाक बनने की दास्तां यहीं खत्म नहीं हो जाती। वह बिना किसी मदद के दीवारों के रास्ते ऊंची इमारतों की छत तक चढ़ सकता है। वहां से दफ्तर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दे सकता है। ऐसे शातिर चोर को पुलिस ने रविवार को पकड़ा है। उसने थाना 31 के इलाके में चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम दिया है। सोमवार को इस आरोपी चोर हयात सिंह को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


चोरी से पहले रेकी


पुलिस की पूछताछ में हयात ने कबूल किया कि वह दफ्तरों में चोरी करने से पहले रेकी करता था। दिन में वह दफ्तरों में रखे कंप्यूटर की रेकी करता था। रात में वारदात को अंजाम देता था। हैरत की बात ये कि ऊंची इमारतों के इन दफ्तरों में जाने के लिए वह स्पाइडरमैन सरीखा करतब करता था। इमारत की दीवार पर बिना किसी मदद के वह ऊपर तक चढ़ जाता था।


छत के रास्ते दफ्तर में घुसकर सामान चुराने के बाद उसी रास्ते से वापस भी लौट आता था। कंप्यूटर चोरी की बाबत उसने कहा कि वह कंप्यूटर ठीक करना जानता है। उसने हालांकि इसके लिए किसी तरह का कोई कोर्स नहीं किया, लेकिन उसे इस मशीन के सभी कल—पुर्जो की जानकारी है। आठवीं पास इस चोर के कारनामे से पुलिस हैरान है। डीएसपी साउथ जसवंत सिंह खैरा ने बताया कि हयात के पकड़े जाने से थाना- 31 थाना क्षेत्र में हुई चोरियों के मामले सुलझा लिए गए हैं।
 
Top