गर्मी से अब रात में भी राहत नहीं

चंडीगढ़. दो हफ्ते पहले यानी 7 जून को शहर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री तक गिर चुका था। लेकिन, अब रात का पारा भी 32 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है। रविवार रात शहर का पारा 32.8 डिग्री से नीचे नहीं उतरा। जबकि शनिवार रात तापमान 29.1 डिग्री था। यानी दिनभर गर्मी के थपेड़ों के बाद रात का सुकून भी तपिश की भेंट चढ़ रहा है।

उमस बढ़ी

पिछले चार दिनों से बदल रहा मौसम का मिजाज अब और तीखा होता जा रहा है। शहर की आबोहवा में फैली नमी की वजह से लोगों का उमस से बुरा हाल है। नमी की मात्रा में कमी न आने और तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की वजह से पसीना बहाना पड़ रहा है। सोमवार सुबह सूरज निकलते ही शहर का पारा आसमान छूने लगा। सुबह साढ़े आठ बजे ही शहर का पारा 36 डिग्री को पार कर चुका था। इसके बाद 12 बजे तक पारा 40 डिग्री के करी पहुंच गया और अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दो-तीन दिनों तक शहर को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वेस्टर्न डिस्टर्बेस सक्रिय होने पर ही पसीने और गर्मी से छुटकारा मिल सकता है।

साल का सबसे लंबा दिन

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार का दिन साल का सबसे लंबा दिन था। लेकिन, मौसम के मिजाज से यह दिन पसीने बहाते गुजरा। इससे पहले साल की सबसे लंबी रात भी 32 डिग्री तापमान के बीच बीती।
 
Top