Punjab News दूल्हे ने मांगी गाड़ी, दुल्हन ने थाने पहुं&#23

लावां (फेरों) से ऐन पहले वर पक्ष ने वधू पक्ष के सामने कार की डिमांड रख दी। लड़की को लड़के वालों का यह रवैया नागवार गुजरा। इससे पहले परिवार वाले कुछ कहते लड़की ने हिम्मत दिखाई और उसने शादी करने से इंकार कर दिया। परिजनों ने लड़के, उसकी मां व अन्य रिश्तेदारों को वहां रोक लिया और पुलिस को बुला लिया। दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई।

लड़की वालों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से लड़के वाले कोई न कोई नई मांग रख रहे थे। उधर, लड़के वालों ने कार मांगने के आरोपों को बे-बुनियाद बताया है। दूल्हे के अनुसार लड़की पक्ष की ओर से मिलनी की रस्म के दौरान जो शगुन के लिफाफे दिए गए वह खाली निकले थे। उन्होंने इसी बात पर एतराज जताया था। थाना माडल टाउन पुलिस ने लड़की के पिता निर्मल सिंह की शिकायत पर लड़के जसदीप सिंह, उसकी मां अमरजीत कौर व भाई इंद्रजीत सिंह पर मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ गुरप्रीत पुरेवाल के अनुसार जसदीप सिंह व अमरजीत कौर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि इंद्रजीत सिंह फरार है।

भाई रणधीर सिंह नगर आई-ब्लाक निवासी युवती जसप्रीत कौर की शादी हिम्मत सिंह नगर निवासी गुरदीप सिंह के साथ तय हुई थी। लड़की के पिता निर्मल सिंह के अनुसार यह रिश्ता डेढ़ महीने पहले तय हुआ था। निर्मल सिंह ने आरोप लगाया कि रिश्ता होने के बाद से लड़की वालों की डिमांड शुरू हो गई। रोजाना उनकी कोई न कोई नई डिमांड का संदेश आ जाता था। पहले-पहल वह शादी में मोटरसाइकिल मांगते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने टीवी, फ्रिज की मांग भी रख दी।

शादी समारोह उन्होंने होटल ग्रैंड मैरियन में रखा था। यहां मिलनी के बाद वह लावां (फेरों) के लिए गुरुद्वारा मस्तुआना साहिब में आने लगे। फेरों से पहले लड़के वालों ने कार मांगनी शुरू कर दी और बुरा भला कहने लगे। दूल्हे के लालच का पता चलने पर लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। इस रवैये के बाद उन्होंने भी इस घर में शादी से इंकार कर दिया।

उधर, विवाद होने पर धीरे-धीरे करके लड़का पक्ष की ओर से आए मेहमान एक—एक करके खिसक गए। अंत में गुरुद्वारा साहिब में सिर्फ वर व उसकी मां अमरजीत कौर ही रह गए। लड़की पक्ष की शिकायत पर थाना माडल टाउन पुलिस दोनों पक्षों को थाना ले गई। सेहरा बांधे लड़का ऐसे ही थाने में पहुंचा। दूल्हे गुरदीप सिंह और उसकी मां अमरजीत कौर का कहना है कि उन्होंने कोई मांग नहीं रखी थी। मिलनी के दौरान लड़की पक्ष के की ओर से दिए गए शगुन के लिफाफे खाली थे। उन्होंने इस बात पर एतराज जताया था।

पिता मकान बेचने को तैयार

लड़के गुरदीप सिंह का स्पेयर पार्ट्स का काम है। लड़की जसप्रीत कौर बारहवीं तक पढ़ी है। उसकी छोटी बहन का भी रिश्ता तय हो चुका है व उसकी शादी नवंबर में तय है। जसप्रीत कौर पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन में कंप्यूटर आपरेटर है। लड़की के अनुसार उसके पिता नौकरीपेशा हैं। उन्होंने बड़ी मुश्किल से उन दोनों बहनों की शादी के लिए रुपए जमा किए हैं। उनका घर बसाने के लिए पिता अपना मकान तक बेचने को तैयार है। जसप्रीत कौर के अनुसार पिता कहते थे कि वह नवंबर में उसकी छोटी बहन की शादी के बाद वह अपना भाई रणधीर सिंह नगर वाला मकान बेच कर कहीं और सस्ता मकान ले लेंगे। बाकी बचे रुपए व दोनों बेटियों को दान-दहेज दे देंगे।
 
Top