भारतीय हॉकी टीम पर आरोप, मैच के लिए मांगे 5 कर

चंड़ीगढ़. भारतीय हॉकी को ग्लैमराइज करने और हॉकी खिलाड़ियों की आर्थिक मदद के लिए बॉलीवुड और भारतीय हॉकी टीम के बीच खेले जाने वाले मैच पर संकट छा गया है। मैच कराने वाले आयोजकों ने भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ियों पर आरोप लगाया है कि प्रोमोशनल मैच खेलने के लिए टीम ने पांच करोड़ रुपए की मांग की है।

आरोप लगने के बाद हॉकी टीम के कप्तान राजपाल सिंह ने कहा कि हमे अभी तक किसी भी मैच की जानकारी नहीं है, हमें सिर्फ एक प्रोग्राम की जानकारी है। रही बात पैसों की तो हमने ऐसी कोई मांग नहीं रखी है। हमारे उपर यह गलत आरोप लगाया जा रहा है।


राजपाल ने बताया कि अब जब हमारे उपर पैसों के लेनदेन का आरोप लग ही गया है तो हमारे पूरे खिलाड़ी चंड़ीगढ़ न जाकर सिर्फ सात खिलाड़ी ही वहां जाएंगे।


गौरतलब है कि भारतीय हॉकी को ग्लैमराइज करने और हॉकी खिलाड़ियों की आर्थिक मदद के लिए बॉलीवुड के कई सितारे शनिवार को सेक्टर-42 हॉकी स्टेडियम में भारतीय हॉकी टीम के साथ मैच खेला जाना है।


एएमआर फाउंडेशन मुंबई, दैनिक भास्कर, चंडीगढ़ प्रशासन और हरियाणा सरकार के सहयोग से आयोजित होने वाले इस समारोह में हॉकी के ब्रांड एंबेसडर सुनील शेट्टी, धमेंद्र, गोविंदा और इरफान खान शामिल होंने की खबर है। इसके अलावा बॉक्सी बॉयज ( टीवी से जुड़े स्टार की टीम) भी समारोह का हिस्सा होगी।


भारतीय हॉकी टीम और बॉलीवुड स्टार आपस में टीमें बना 20-20 मिनट के 4 मैच खेलेंगे। धमेंद्र समारोह के गेस्ट ऑफ ऑनर होंगे। समारोह शाम 5.00 बजे शुरू होगा। सबसे पहले लाफ्टर सीरीज के कॉमेडियन भगवंत मान लोगों को गुदगुदाएंगे। 6 बजकर 20 मिनट से प्रदर्शनी मैच का सिलसिला शुरू होगा। अंत में पंजाबी गायक बब्बू मान अपना प्रोग्राम पेश करेंगे। आयोजकों ने जनरल स्टैंड के लिए फ्री एंट्री की घोषणा की है, लेकिन वीआईपी स्टैंड में केवल पास ही मान्य होंगे।


35 साल पहले राजकपूर ने उतारा था मैदान में



आज भले ही अधिकांश बॉलीवुड स्टार क्रिकेट मैदानों पर दिखते हों, लेकिन हॉकी के साथ बॉलीवुड का रिश्ता काफी पुराना रहा है। बॉलीवुड ने हॉकी में 35 साल पहले दस्तक दे दी थी। 1975 में जब भारतीय हॉकी टीम वर्ल्ड कप जीत कर आई थी तो ग्रेट शो मैन राजकूपर ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को स्टिक थमा मैदान में उतार दिया था।


15 मार्च 1975 को भारत ने अजितपाल सिंह की कप्तानी में वर्ल्ड कप जीता था और 13 अप्रैल को बैसाखी के दिन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री हॉकी टीम के सम्मान के लिए मौजूद थी।


राजकूपर ने बांबे हॉकी एसोसिएशन के साथ मिल कर इस मैच का आयोजन किया था। बॉम्बे हॉकी एसोसिएशन ने यह समारोह बॉलीवुड के साथ मिल कर आयोजित किया था। इस मैच में राज कपूर, शम्मी कपूर, विनोद खन्ना, जितेंद्र, ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, जितेंद्र, प्रेम चोपड़ा, रंजीत, देवन वर्मा, दारा सिंह, आई.एस जौहर के अलावा रेखा, परवीन बॉबी और नीतू सिंह भी शामिल थी।
वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान अजितपाल सिंह ने भास्कर से बातचीत में कहा कि 13 अप्रैल का दिन आज भी उन्हें याद है। वानखेडे स्टेडियम पूरा भरा हुआ था और खुद हमारे लिए यह किसी सपने से कम नहीं था। राज कपूर, जितेंद्र और विनोद खन्ना जैसे बड़े स्टार हमारे साथ मैच खेलने के लिए बेताब थे। यह पहली बार था कि हॉकी स्टार और बॉलीवुड एक साथ मैदान पर जमा हुए थे। मैच के दौरान कामेडियन असरानी और आई.एस जौहर ने कमेंट्री की थी।


परवीन बॉबी और रेखा ने किए थे गोल


वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे असलम शेर खान ने भास्कर से यादे ताजा करते हुए बताया कि मैच के दौरान परवीन बॉबी उनके पास आई और बोली मुझे गोल करना है। असलम ने कहा कि ठीक है मैं गोलकीपर से बात करता हूं।


गोलकीपर लेसली फर्नाडीज को असलम ने समझाया यहां हार- जीत हमारे लिए मायने नहीं रखती इसलिए गोल होने देना। तब परवीन बॉबी को डी के पास खड़ा किया गया और असलम ने उन्हें गेंद पास की जिस पर परवीन बॉबी ने गोल कर दिया। जब रेखा ने यह देखा तो उन्होंने भी गोल करने की जिद की। तब असलम ने रेखा की जिद भी पूरी की। दूसरी तरफ 2 गोल होने के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी भी जोश में आ गए और सीरियस खेलने लगे। तब फिर असलम ने समझाया कि यह एक प्रदर्शनी मैच है। इस तरह बॉलीवुड ने वर्ल्ड कप विजेता टीम को 2-0 से हराया था।
 
Top