भोपाल गैस कांड पर मैडम सोनिया क्यों चुप:मो&#23

पटना. बिहार की राजधानी पटना में आयोजित भाजपा की स्वाभिमान रैली में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक तीर से कई निशाने साधे। पहला निशाना उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार पर साधा, जबकि सोनिया गांधी को भी आड़े हाथों लेने से परहेज नहीं किया।

रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने बिहारियों को अपना शुभचिंतक बता डाला। उन्होंने कहा कि जब गुजरात में भूकंप आया था और चारों तरफ मौत का तांडव मचा हुआ था उस समय हमारे आसुंओं को गुजरात में रह रहे बिहार के लोगों ने पोछा। मोदी यहीं पर नहीं रुके, उन्होंने कहा कि मैं सन 2001 में बिहार आया था और अब इतने सालों बाद आपके बीच में आया हूं तो यह बता दूं कि गुजरात में रह रहे बिहारी भाई कैसे हैं। उसके बाद मोदी ने लोगों को अपनी तरफ आकिर्षित करते हुए भोजपुरी में गुजरात में रह रहे बिहारियों का हालचाल बताया।


गुजरात और बिहार का पुराना संबंध


मोदी ने कहा कि गुजरात और बिहार का संबंध बहुत पुराना है। गुजरात के हर मुसीबत में बिहार के लोग आगे बढ़कर हमारी मदद की है, जिसके लिए मैं यहां के लोगों का बहुत बड़ा आभारी हूं साथ ही सिर झुकाकर लोगों का धन्यवाद करता हूं। मोदी ने कहा गुजरात के हर तहसील में बिहारी भाई मौजूद हैं और हमारा संबंध भाईयों की तरह हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से बिहार के लोग गुजरातियों की मदद करते रहते हैं उसी तरह से मैं भी बिहारी भाईयों का वह ऋण उतारना चाहता हूं।


वोट की नहीं विकास की हो राजनीति


मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज सिर्फ वोटों की राजनीति होती है। देश की भोली-भाली जनता से जिस प्यार के साथ वोट मांगा जाता है उसी अंदाज में उन्हें भुला भी दिया जाता है लेकिन हमारे गुजरात में ऐसा नहीं है। हम लोगों से वोट मांगते हैं तो उनके दुखदर्द में हमेशा उनके साथ भी खड़े रहते हैं। मोदी ने कहा कि देश में वोट की राजनीति कतई नहीं होनी चाहिए सिर्फ विकास के नाम पर राजनीत हो तो ज्यादा बेहतर होगा।


गुजरात के विकास का गुणगान


गुजरात के विकास का गुणगान करते हुए मोदी ने कहा कि आज हमारे यहां पर हर घर में बिजली है, कोई भूख से नहीं मरता, सभी लोग संपन्न है। लेकिन दूसरे राज्यों पर आप नजर डालें तो किसानों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। इसका कारण है वहां पर उन्हें न तो पर्याप्त सुविधा मिल पा रही है और न ही उनके दुख दर्द को समझ रहा है। लेकिन हमारे यहां के किसानों को आप देखेंगे तो वे कभी भी आत्महत्या जैसे रास्तों पर नहीं जाते। उन्हें हमने हर सुविधा दे रखी है, नई तकनीकों से लेकर विश्व स्तर पर होने वाली खेती के बारे में जानकारी तक हम उन तक पहुंचाते हैं और उसी का परिणाम है कि आज हमारे यहां के किसान कपास की खेती जिस तरह से करते हैं वह दुनिया में शायद सबसे अच्छा है। हमारे यहां के किसा न सिर्फ भारत में व्यापार करते हैं बल्कि वे चीन तक व्यापार करने के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज हमारे यहां कोई खदान नहीं है लेकिन फिर भी इतनी बिजली पैदा होती है कि दूसरे राज्यों को गुजरात दे सकता है। आज गुजरात ने हर क्षेत्र में तेजी के साथ विकास किया है। यही वजह है कि विश्वस्तर पर गुजरात की अपनी अलग ही पहचान बन गई है।


मंहगाई के खिलाफ चुप्पी तोड़े सोनिया गांधी


नक्सलवाद, माओवाद, आतंकवाद, बढ़ती महंगाई, देश के आर्थिक विकास पर मोदी ने कहा कि मुंबई हमले में फांसी की सजा पाए आतंकवादी अजमल कसाब को तत्काल फांसी दे देनी चाहिए। उसके बाद देश में जिस तरह से मंहगाई बढ़ रही है उससे आम लोग त्रस्त आ चुके हैं। यह मुद्दा देश में सबसे गंभीर विषय है लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें मंहगाई के खिलाफ आगे आना चाहिए, उन्हें चुप्पी तोड़ना चाहिए। सभी को बताना होगा कि आखिर किस वजह से इतनी मंगहाई दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उनकी सरकार इस पर काबू क्यों नहीं कर पा रही है।


नीतिश कुमार का नहीं लिया नाम


रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार की जमकर तारीफ की लेकिन उन्होंने एक बार भी मुख्यमंत्री नीतिश कुमार का नाम नहीं लिया। मोदी ने सुशील कुमार शिंदे की न सिर्फ तारीफ की बल्कि उनकी बड़ाई में सबकुछ कह डाला। बिहार में जो भी विकास के काम हुए हैं उसका सारा श्रेय मोदी ने सुशील कुमार को दे डाला। उन्होंने नीतिश का नाम न लेकर शायद यह जता दिया कि उनकी पार्टी को उनकी कोई जरूरत नहीं है।


भोपाल में मौत का सौदागार कौन


भोपाल गैस त्रासदी पर केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आज यह पूरी दुनिया के सामने गैस त्रासदी के आरोपियों को किस तरह से बचाया गया। उन्हीं के लोग आज खुलकर यह बता रहे हैं कि किस तरह से अपराधियों को बचाया गया। मोदी ने कहा कि आज पूरा देश यह जानना चाहता है कि भोपाल गैस त्रासदी में हजारों लोगों की मौत का सौदागर कौन है। हम सोनिया गांधी जी से यह जवाब जानना चाहते हैं।


गौरतलब है कि बिहार में मोदी के उस विज्ञापन को लेकर काफी हंगामा मच चुका है जिसमें मोदी ने बिहार की मदद की बात कही है, इस विज्ञापन से गुस्साए बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने यहां तक कह डाला था कि उन्हें मोदी की मदद नहीं चाहिए और इसी वजह से आज शायद नरेन्द्र मोदी ने रैली को संबोधित करने के समय एक बार भी नीतिश कुमार का नाम नहीं लिया।
 
Top