Punjab News बादल ने फिर दोहराया, नदी जल पर रॉयल्टी हमार&#2

मोहाली : नदी जल पर हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करनाल में बयानबाजी के अगले ही रोज पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने यहां वीरवार को दोहराया कि पंजाब से अन्य राज्यों को जाते पानी पर रॉयल्टी वसूलना कोई अलग बात नहीं है। यह उनका अधिकार है। ऐसी मांग कर राज्य ने अपना हक ही मागा है। यह रॉयल्टी सिर्फ पंजाब ही नहीं माग रहा, बल्कि पूरे देश में यही व्यवस्था लागू है।
श्री हुड्डा ने गत दिवस करनाल में कहा था कि सतलुज-यमुना लिंक नहर विवाद के कारण हरियाणा को उसके हिस्से का पानी नहीं मिल रहा है। इस विवाद के चलते देश का पानी पाकिस्तान की ओर बह जा रहा है। इस विवाद का हल निकालना देशहित में भी होगा।
यहां वीरवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री बादल ने कहा कि जिस राज्य के पास जो खनिज है, वह उस पर रॉयल्टी लेता है। मध्य प्रदेश व झारखंड कोयले पर तो राजस्थान मार्बल पर रॉयल्टी लेता है। यदि पंजाब के पास पानी है, जो दूसरे राज्यों को जाता है तो पंजाब का पानी पर रॉयल्टी की माग करना उसका अधिकार है। अन्य प्रदेश पंजाब से जा रहे पानी का उपयोग कर अनाज पैदा कर रहे है।
उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पानी की रॉयल्टी नहीं देने के बयान को नकारते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब के पास एकमात्र प्राकृतिक संसाधन नदी जल पानी है, जिस पर उसका पूरा हक है।
प्रदेश में आतंकी एवं आरडीएक्स पकड़े जाने के सवाल पर बादल ने कहा कि पंजाब की सीमा पाकिस्तान की सीमा से लगती है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई यहा आतंकी गतिविधियां फैलाने के लिए सरगर्म रहती है, परंतु पंजाब के लोग आतंकवाद को पुन: सिर नहीं उठाने देंगे। पुलिस भी अमन-कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए अपने ड्यूटी बखूबी निभा रही है।
 
Top