बुध की रात दिखेगा सबसे लंबा चंद्र ग्रहण

कोलकाता. खगोल विज्ञान और ग्रहों की गतिविधियों में दिलचस्पी रखने वालों के लिए बुधवार यानी 15 जून की रात बेहद महत्वपूर्ण होगी। इस रात सबसे लंबा पूर्ण चंद्र ग्रहण देखने को मिलेगा। 2011 के इस पहले चंद्रग्रहण को पूरे देश में देखा जा सकेगा।

एमपी बिड़ला तारामंडल के निदेशक (अनुसंधान एवं शिक्षा) डीपी दुआरी के अनुसार, इस खगोलीय घटना को इसकी पराकाष्ठा पर देखा जा सकेगा। कोलकाता में इसे रात 12 बजकर 52 मिनट से दो बजकर 32 मिनट तक देखा जा सकेगा। इतनी लंबी अवधि के कारण ही यह हालिया समय में सबसे लंबा पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। पूर्णता के बाद आंशिक चंद्र ग्रहण 16 जून को तड़के करीब तीन बजकर 52 मिनट पर खत्म होगा।

भारत के अलावा इसे पूर्वी अफ्रीका, पश्चिम एशिया, मध्य एशिया और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से भी देखा जा सकेगा। यूरोप में इस ग्रहण की शुरुआती अवस्था नहीं देखी जा सकेगी क्योंकि यह चंद्रोदय के पहले होगी। दुआरी ने बताया कि अगला चंद्रग्रहण इस साल दस दिसंबर को होगा और इसकी अवधि 25 मिनट होगी। यह भी पूर्ण चंद्रग्रहण होगा और इसे भारत से देखा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी 2018 को कोलकातावासी एक और पूर्ण चंद्रग्रहण देख सकेंगे।
 
Top