अब सुशील मोदी ने नीतीश को दिया झटका

पटना। बाढ़ राहत राशि गुजरात को लौटाए जाने को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ जदयू और उसकी सहयोगी भाजपा के बीच की दरार गहरी होती जा रही है। जदयू नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने रविवार को अपने सभी कार्यक्रम रद्द करते हुए विद्रोही तेवर अपना लिए हैं।
नाराज मोदी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि गुजरात सरकार की राहत राशि लौटाने के मुख्यमंत्री के मनमाने रवैए के बाद, पटना जिले के पालीगंज में विकास यात्रा के सिलसिले में आयोजित बैठक में मैं नीतीश कुमार का साथ नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि हमने इस घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है और हम, 2008 में कोसी बेल्ट के बाढ़ प्रभावितों के कल्याण के लिए भेजी गई राशि को लेकर राजनीति नहीं करना चाहते।
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार ने राज्य में भाजपा के शीर्ष नेताओं को विश्वास में लिए बिना बाढ़ सहायता राशि लौटाई और उनके इस मनमाने आचरण के बारे में मोदी ने नई दिल्ली में पार्टी नेताओं को जानकारी दे दी है।
पार्टी अधिकारिक तौर पर मानती है कि नीतीश को बाढ़ राहत राशि लौटाने के फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए क्योंकि यह केवल एक व्यक्ति को दी गई राहत राशि नहीं थी बल्कि राज्य के लोगों की मेहनत की कमाई थी। नीतीश ने कल यह कह कर विवाद समाप्त करने की कोशिश की थी कि राशि लौटाने का फैसला गत शनिवार को किया गया था और इस शनिवार को कोई नया फैसला नहीं हुआ।




 
Top