हॉकी वर्ल्ड कपः स्पेन ने भारत को हराया

भारतीय टीम चाहती है कि लोग फिर हॉकी को दिल दें, लेकिन मैदान जिस तरह के नतीजे इस दिल को चाहिए, वे नहीं मिल पाते। भारतीय ट



ीम फिर हार गई। स्पेन के खिलाफ मैच अगले दौर में जाने के लिहाज से भारत के लिए बेहद अहम था, लेकिन नतीजा सिफर रहा। भारतीय टीम 2-5 से हार गई।

खेल का पहला हाफ भारत के लिए अच्छा नहीं रहा। स्पेन की तेजी के सामने भारत का खेल काफी फीका नजर आया। स्पेन ने दबाव बनाए रखा। इसकी बदौलत वह पहले हाफ में एक गोल करने में कामयाब रहा। हालांकि उसे 3 पेनल्टी कॉर्नर्स भी मिले, लेकिन इन्हें वह गोल में तब्दील नहीं कर पाया।

उधर भारतीय टीम ज्यादातर वक्त में दबाव में ही नजर आई। बॉल को काबू कर पाने की खिलाड़ियों की कोशिश ज्यादा कामयाब नहीं हो पा रही थी। यह गोलकीपर सृजेश की मुस्तैदी ही थी कि पहले हाफ के आखिरी मिनट तक भी स्कोर 0-1 ही था, क्योंकि जिस तरह भारतीय डिफेंस गलतियां कर रही थी, उससे स्पेन के पास कई गोल करने का मौका आया था।

पहले हाफ के आखिरी सेकंड्स में स्पेन ने दूसरा गोल ठोक कर बढ़त को 2 गोल तक पहुंचा दिया। पूरे हाफ में भारत बहुत कम बार अटैकिंग मोड में नजर आया। हालांकि उसे एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका वह फायदा नहीं उठा पाया।

खेल का दूसरा हाफ काफी रोमाचंक रहा और भारत ने 2 गोल भी किए, लेकिन इस हाफ में स्पेन ने भी 3 गोल कर डाले। भारत ने कई पेनल्टी कॉर्नर बनाए, लेकिन उन्हें गोल में तब्दील करने वे पूरी तरह नाकाम रहे।

पहले हाफ तक भारत 0-2 से पिछड़ रहा था। दूसरे हाफ में उसने एक गोल उतारा, लेकिन उसके फौरन बाद एक गोल खा लिया और स्कोर 1-3 हो गया। लेकिन यह ज्यादा देर नहीं रहा। भारत ने कुछ ही देर बाद गोल उतार कर स्कोर को 2-3 कर दिया। स्पेन ने इसके बाद काफी तेज खेल दिखाया और दो गोल और कर डाले।

भारत ने कई मौके गंवाए, जबकि उधर स्पेन ने पूरी तरह खेल पर काबू बनाए रखा और जीत ले उड़ा।
 
Top