परगट सिंह ने आयोजकों को कोसा

भारत के पूर्व हॉकी कप्तान परगट सिंह ने वर्ल्ड कप की आयोजन समिति को हॉकी इंडिया को एक
बार फिर जमकर कोसा। परगट ने वर्ल्ड कप की आयोजन समिति को निशाना बनाने का कोई मौका नहीं चूका।

परगट ने एफआईएच को भी जमकर कोसा। उन्होंने कहा, 'हॉकी इंडिया ने एफआईएच से किया एक भी वादा नहीं निभाया लेकिन इसके बावजूद वह उसके प्रति अपना नरम रवैया अपनाए है।'

हॉकी पंजाब के सचिव पूर्व ओलिंपियन परगट ने कहा, 'भारत 1982 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप हॉकी की मेजबानी कर रहा है, लेकिन मीडिया को अपने खिलाड़ियों की प्रैक्टिस तक देखने की मनाही है। इस मामले में हर कोई जिम्मेदारी दूसरे पर डालता लगता है। वर्ल्ड कप हॉकी के भारत में आयोजन में एक समां बंधना चाहिए था, वह कहीं है ही नहीं क्योंकि आयोजकों को इसकी परवाह नहीं है। मैच देखने के लिए इसके टिकट मुहैया नहीं हैं। इससे दुनियाभर में भारत की छवि खराब हो रही है।'

परगट ने सुरेश कलमाड़ी को एक बार फिर निशाना बनाते हुए कहा, 'जब से भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) ने हॉकी की कमान संभाली है, यह चौपट हो गई है।'

परगट सिंह ने चंडीगढ़ में चैरिटी मैच खेलने के लिए वर्ल्ड कप में शिरकत करने वाली भारतीय टीम के सीनियर सदस्यों द्वारा कथित रूप से पैसा मानने को गैरवाजिब बताया।
 
Top