दिल्ली चुनी गई बेस्ट सिटी

एक रिपोर्ट के मुताबिक, रहने के लिए दिल्ली देश का सबसे अच्छा शहर है। हमारे देश का कौन सा शहर किस
कदर रहने लायक है, इसकी रिपोर्ट कई मानकों के आधार पर तैयार की गई है। इनमें रहन-सहन, सामाजिक-सांस्कृतिक माहौल, शिक्षा, मेडिकल स्टैंडर्ड्स और मनोरंजन की संभावनाएं शामिल हैं। दिल्ली एजुकेशन, सेफ्टी और इकनॉमिक एनवायरनमेंट में टॉप पर है। इस रिपोर्ट में मुंबई को दूसरा स्थान मिला है।

दिल्ली को देश का सबसे सुरक्षित शहर बताते हुए कहा गया है कि मीडिया ने इसकी खराब इमेज बनाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, गुड़गांव और नोएडा का रेकॉर्ड सबसे खराब है। दिल्ली इनसे नजदीकी का अभिशाप झेल रही है। मकान की संभावनाओं के हिसाब से यह शहर दूसरे नंबर पर है। इसके अलावा सामाजिक-सांस्कृतिक राजनीतिक माहौल में भी दिल्ली दूसरे नंबर पर है। मेडिकल स्टैंर्डड्स के मामले में थोड़ी कमी है और इस मामले में यह शहर 17वें नंबर पर है। इस सूची में गुड़गांव को 9, नोएडा को 27वां और फरीदाबाद को 32वां स्थान मिला है।

सीआईआई और इंस्टिट्यूट ऑफ कंपेटिटिवनेस ने यह इंडेक्स तैयार किया है। इसमें 37 शहरों की पड़ताल की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, रहने लायक शहर वह नहीं है, जो सिर्फ शहर बन गया हो, बल्कि इसके सभी निवासियों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और व्यक्तिगत विकास हो। यह सब इन्फ्रास्ट्रक्चर, खान-पान, साफ हवा, सस्ते मकान, सार्थक रोजगार, हरियाली और अन्य लाभों की उपलब्धता से जुड़ा है।

कुल मिलाकर लाइफ की क्वॉलिटी के मामले में दिल्ली ने मुंबई, चेन्नै, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे और गुड़गांव को पीछे छोड़ दिया। ये शहर इसी क्रम से दूसरे से आठवें नंबर पर हैं। अंतिम छह पायदान पर फरीदाबाद, लुधियाना, लखनऊ, पटना, विशाखापट्टनम और जमशेदपुर हैं। खूबसूरत साफ-सुथरे शहर चंडीगढ़ का 14वें नंबर पर होना कुछ चकित करता है लेकिन इससे यह भी साबित होता कि एक शहर के रहने लायक होने के लिए उसका सिर्फ खूबसूरत होना ही काफी नहीं है।
 
Top