ताकि हॉकी के लिए भी धड़के दिल

चंद दिनों में हॉकी वर्ल्ड कप शुरू होने वाला है। इसे लेकर भले ही क्रिकेट की जैसी दीवानगी नहीं द
िख रही है लेकिन इस बार कई जानी मानी हस्तियों के अलावा युवा भी हॉकी को दिल देने की अपील कर रहे हैं। राष्ट्रीय खेल को उसका हक दिलाने के लिए सोशल नेटवर्किंग साइट्स, ब्लॉग्स सहित साइकल रैली के जरिए कोशिशें हो रही हैं।

क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और शूटर राज्यवर्धन सिंह राठौर तो फिर से हॉकी को दिल देने की अपील कर ही रहे हैं, एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भी टीवी एड के जरिए हॉकी को सपोर्ट कर रही हैं। शनिवार को बॉलिवुड स्टार और इंडियन हॉकी टीम के बीच चंडीगढ़ में होने वाले चैरेटी मैच को एक्टर सुनील शेट्टी होस्ट करेंगे। शेट्टी ने कहा कि मैं हॉकी के लिए लंबे वक्त से लड़ रहा हूं और मैं इसे सपोर्ट करने के लिए पूरी तरह तैयार हूं और फिल्मी दुनिया के लोगों से भी यही उम्मीद करता हूं। इस मैच में एक्टर इरफान खान, रितेश देशमुख और गोविंदा भी भाग लेंगे।

वहीं दिल्ली में शनिवार को 'युवा कोशिश' नाम का संगठन साइकल रैली आयोजित कर रहा है। संगठन से जुड़े मोहम्मद अनस ने बताया कि यह रैली लोगों को हॉकी के बारे में जागरूक करने के लिए है। यह हमारा नैशनल गेम है और हमें लगता है कि उसे वह हक नहीं मिल रहा है जो मिलना चाहिए। हॉकी को प्रमोट करने के लिए क्रिकेटर्स की जरूरत पड़ रही हैं। ऐसे में यह जरूरी है कि राष्ट्रीय खेल को उसका पूरा सम्मान दिलाने के लिए सभी आगे आएं। यह रैली उसी कोशिश की एक कड़ी है। अनस ने बताया कि रैली जामिया मिलिया इस्लामिया से शुरू होकर, महारानी बाग, निजामुद्दीन, इंडिया गेट होते हुए जंतर मंतर पहुंचेगी।

सोशल नेटवर्किंग साइट्स में भी हॉकी को सपोर्ट करती कई कम्युनिटी बनी हुई हैं जिनमें हजारों मेंबर हैं। एक मेंबर ने लिखा है कि हमें हॉकी को सिर्फ इसलिए सपोर्ट नहीं करना चाहिए क्योंकि यह हमारा राष्ट्रीय खेल है बल्कि इसलिए करना चाहिए क्योंकि यह हमारी आत्मा में बसा है। यह अकेला ऐसा खेल है जिसका सालों तक भारत सरताज रहा। हॉकी फैन प्रशांत ने लिखा है कि हमारी छोटी छोटी कोशिशें लोगों को सोचने को मजबूर कर सकती है और हॉकी को उसका खोया मुकाम दिला सकती है।
 
Top