Punjab News जेल में सेंध की साजिश

लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी बड़ी कारस्तानी को अंजाम देने की फिराक में था। अगर उसका खुलासा जल्द न होता तो वह जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध लगा जाता। कंप्यूटर के मामले में नौसखिए जेल अफसरों को उसकी इस करतूत का इल्म भी न होता।

कंप्यूटर आपरेट करने में मदद के लिए रखे लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद सजायाफ्ता कैदी ने एक हरकत से पूरे जेल प्रबंधन में खलबली मचा दी है। आरोपी जेल के अंदर इंटरनेट डिवाइस व अन्य उपकरण ले गया। अफसरों को शक है कि उक्त कैदी जेल की महत्वपूर्ण सूचनाएं बाहर लीक करता रहा है।


कैदी से पेन ड्राइव, सीडी, वेब कैमरा और इंटरनेट डिवाइस बरामद हुआ है। जेल अफसरों ने आरोपी के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर सात में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ इन्फारमेशन टेक्नोलॉजी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अदालत से प्रोडक्शन वारंट से आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लेगी।


आरोपी कैदी का नाम जतिंदर कुमार है। वह धांधरां रोड पर सतजोत नगर का रहने वाला है। उसने अपने साथी के साथ मिलकर बच्चे का अपहरण करके उसे कत्ल कर दिया था। इस मामले में अदालत ने उसे व उसके साथी दोषी पाया। आरोपी व उसके साथी को अदालत ने 20-20 साल कैद की सजा सुनाई थी।


वह करीब नौ वर्ष से लुधियाना सेंट्रल जेल में बंद है। दोषी जतिंदर कुमार कंप्यूटर की अच्छी जानकारी रखता है। लुधियाना सेंट्रल जेल के अफसर उससे कंप्यूटर के कामों में मदद लेते थे। वह पिछले करीब पांच वर्ष से जेल का आधिकारिक कंप्यूटर चला रहा है। कुछ दिन पहले मेन गेट से कंप्यूटर कक्ष में जाते वक्त जेल मुलाजिमों ने उसे रोक कर तलाशी ली।


तलाशी में उससे पेन ड्राइव, वेब कैमरा, सीडी व इंटरनेट कनेक्शन डिवाइस बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद जेल अफसरों में खलबली मच गई। उन्होंने अपने तौर पर आरोपी से उसकी हरकतें उगलवाने की कोशिश की। कैदी की ओर से ज्यादा कुछ न बताने पर जेल अफसरों ने थाना डिवीजन नंबर सात में उसके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।


जेल अफसरों के अनुसार संभवत: मुलाकात के लिए आया कैदी का कोई साथी उसे यह उपकरण थमा गया होगा। अफसर आशंका जता रहे हैं कि आरोपी इन उपकरणों का इस्तेमाल कर चुका है। उन्हें जेल की गुप्त सूचनाएं भी लीक होने का अंदेशा है। सूत्र बताते हैं कि जेल का कंप्यूटर आपरेट करने के कारण वह मुलाजिमों पर रौब रखता था।


मुलाकात करने वालों को सीधा दफ्तर में बुला लेता था। संभवत: यहीं उसका कोई मुलाकाती यह सामान दे गया होगा। थाना डिवीजन नंबर सात पुलिस के एसएचओ इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह के अनुसार जेल अफसरों ने एक कैदी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर हासिल करके पूछताछ करेगी।
 
Top