Punjab News कर्ज माफी दे चक्कर च साडा मुंडा वी भज्ज गया-&#

जालंधर। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जनलोकपाल या लोकपाल बिल लाने से कुछ नहीं होना वाला। इसके लिए सख्त कानून बनाए जाने की जरूरत है। हमारी पार्टी हो या कोई और चुनाव में सभी कालेधन का इस्तेमाल करते हैं। अमेरिका की तरह यहां भी एक निश्चित राशि से अधिक धन रखने वालों पर कानूनी प्रतिबंध लगा देना चाहिए। अमेरिका में 10 हजार डॉलर से अधिक कैश नहीं रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि वैसे भी स्विस सहित विदेशी बैंकों से कालेधन वापस लाने के प्रयास इसलिए नहीं हो रहे हैं, क्योंकि अधिकतर खाते सत्तापक्ष वालों के ही हैं।

चुनाव में सभी..
देश की जीडीपी के बराबर कालाधन मौजूद है और यह केवल तीन प्रतिशत लोगों के पास है। लोकपाल बिल से कुछ नहीं होने वाला चाहे जिसने भूख हड़ताल रखी हो, उसे ही लोकपाल बना दिया जाए। रविवार को सीएम प्रकाश सिंह बादल एक निजी समारोह में शामिल होने जालंधर पहुंचे थे।

पंजाब में अमन व शांति कायम की
बादल ने कहा कि पड़ोसी राज्य व देश क्रमश: जम्मू-कश्मीर एवं पाकिस्तान आतंकवाद में झुलसने के बावजूद पंजाब को इसका कोई सेंक नहीं है। इसका कारण शिअद-भाजपा सरकार द्वारा धर्मनिरपेक्षता के अलावा अमन व शांति के लिए कदम उठाना है। उन्होंने कहा कि हत्या, चोरी जैसे छोटे-मोटे अपराध तो अमेरिका भी नहीं रोक सका।

कर्ज माफी दे चक्कर च साडा मुंडा वी भज्ज गया
मुख्यमंत्री और कांग्रेसी सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने मंच से भाषणबाजी के दौरान राज्य पर चढ़ा कर्ज माफ न होने के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। सीएम बादल ने कहा कि कांग्रेस पंजाब पर चढ़े कर्ज को माफ करने के प्रति बिल्कुल ईमानदार नहीं है। वित्त आयोग की सिफारिश पर पंजाब, केरल एवं पश्चिम बंगाल पर चढ़े कर्ज को माफ करने के लिए गठित कमेटी मात्र छलावा भर थी। कर्ज माफी से इनकार का उन्हें पहले ही पता था। मनप्रीत का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, ‘इस चक्कर च साडा मुंडा वी भज्ज गया।’

कर्ज माफी दे ..
उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह से दिल्ली मंे १क् बार मिल चुके हैं। वह उनके (कांग्रेसी सांसदों) साथ नंगे पांव चलने को तैयार हैं, लेकिन उनको (बादल को) तो प्रधानमंत्री डा. सिंह मिलने का समय दे देते हैं, लेकिन कांग्रेसियों को मिलने का समय तक नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पर आतंकवाद के समय से कर्ज चढ़ा है। राज्य आज इस कर्ज का छह हजार करोड़ रुपए केवल ब्याज दे रहा है।

बाजवा ने कहा, बौखला गए हैं सीएम
सीएम के पलटवार के बाद पत्रकारों से बात मंे कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि असल में बादल ने यह सब बौखलाहट में कहा है। एक तरफ वे कांग्रेस द्वारा पंजाब से सौतेले व्यवहार की बात कर रहे हैं, वहीं यह भी कहते हैं कि प्रधानमंत्री कांग्रेसी सांसदों की बजाय उन्हें (बादल) को प्राथमिकता देंगे। इससे कुछ समय पहले ही बाजवा ने सीएम प्रकाश सिंह बादल की उपस्थिति में कहा था कि यदि सीएम कांग्रेसी सांसदों को भी साथ लेकर दिल्ली चलते तो राज्य का कर्ज माफ हो जाता। बाजवा ने कहा कि शिअद ने पंजाब का केस सही ढंग से पेश ही नहीं किया। यही बात उनके भतीजे पूर्व वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल कह रहे हैं।

नहीं घटेंगे पेट्रोल के दाम
पंजाब में फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम घटने की कोई गुंजाइश नहीं है। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में पेट्रोल, डीजल पर लोकल टैक्स घटाने की किसी भी संभावना से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है। ऐसे में पेट्रोल के दाम में कटौती की उम्मीद लगाए बैठी जनता के लिए यह एक बुरी खबर साबित हो सकती है। किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने बताया कि वह वहीं से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे, जहां से उनकी पार्टी हाइकमान तय करेगी। भाई गुरदास बादल के खिलाफ चुनाव लड़ने के सवाल पर भी उन्होंने सारी बात पार्टी हाईकमान पर डाल दी।
 
Top