जान दे दी, मगर छोड़ा नहीं पति का पीछा

चंडीगढ़ में चार दिन पहले 35 वर्षीया अरुणा श्रीवास्तव का शव उनके घर में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने इस मामले में आत्महत्या का
कारण महिला का डिप्रेशन से पीड़ित होना माना था। लेकिन खुदकुशी से पहले अरुणा की जांघ पर लिखे मैसेज की वजह से महिला के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस संदेश में महिला ने अपने पति, उसकी प्रेमिका और अपने देवरों को आत्महत्या के लिए उकसाने का जिम्मेदार ठहराया है। लाश के पोस्टमॉर्टम के वक्त डॉक्टरों की निगाह इस मैसेज पर गई।

पुलिस ने बताया कि इस आधार पर अरुणा के पति सुभाष चंदर को रविवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर अपनी पत्नी अरुणा को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक 18 फरवरी को जब अरुणा का 11 साल का बेटा स्कूल से घर लौटा तो उसने अपनी मां को पंखे से लटका देखा। लड़के ने अपनी मां को बचाने की कोशिश में रस्सी को भी काट दिया था। पुलिस को घटनास्थल पर कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला था। पूछताछ के दौरान महिला के पति ने कहा कि आत्महत्या के दिन वह शहर से बाहर था और अरुणा बेहद टेंशन और डिप्रेशन में थी।

पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों ने अरुणा की बाईं जांघ पर आत्महत्या से पहले लिखा संदेश देखा। संदेश में अरुणा ने लिखा था कि उसकी आत्महत्या के लिए उसका पति चंदर, उसकी प्रेमिका बबिता और उसके भाई पप्पू और अनिल जिम्मेदार हैं। बबिता और उसके भाई इलाहाबाद में रहते हैं।

जांच अधिकारी ने बताया कि अरुणा के पिता अश्विनी कुमार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। चंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है। चंदर पंजाब सरकार का कर्मचारी है, उसका परिवार दो साल पहले इलाहाबाद से यहां आया था।
 
Top