लुधियाना - बंधक बनाकर कार में किया गैंग रेप

दिल्ली की तरह लुधियाना की सड़कें भी महिलाओं के लिए असुरक्षित हो रही हैं। दो युवकों ने छह दिन पहले समराला चौक के पास से एक महिला को जबरन गाड़ी में बैठाया और उसके साथ चलती गाड़ी में बलात्कार किया। यही नहीं, इसके बाद आरोपी उसे जालंधर बाइपास अनाज मंडी के पास एक ढाबे में ले गए।

आरोपियों ने उसे यहां एक कमरे में बंधक बना लिया। दो युवक अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे बार-बार हवस का शिकार बनाते रहे। वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकल भागी और पुलिस को सूचना दी।

थाना डिवीजन नंबर सात पुलिस ने महिला की शिकायत पर परमिंदर सिंह और गेहलेवाल निवासी राजपाल कुक्कू व उनके अन्य चार अज्ञात साथियों के खिलाफ पिस्तौल के बल पर बलात्कार और बंधक बनाने का मामला दर्ज कर लिया है। अभी किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

हरियाणा के शाहबाद मारकंडा की निवासी 37 वर्षीय महिला अनिता (काल्पनिक नाम) के अनुसार वह तलाकशुदा है। वह गत 15 फरवरी को शाहबाद मारकंडा से डेरा ब्यास जा रही थी। रात करीब साढ़े आठ बजे बस ने उसे लुधियाना के समराला चौक के पास उतार दिया।

यहां वह एक दुकान पर खड़ी होकर जूस पी रही थी। इतनी देर में परमिंदर सिंह और राजपाल कुक्कू वहां आए। आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। आरोपियों ने उससे पिस्तौल के बल पर चलती गाड़ी में बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी उसे जालंधर बाईपास अनाज मंडी के पास एक ढाबे में ले गए।

आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया। परमिंदर और राजपाल के चार अन्य साथी भी वहां आ गए। आरोपी करीब चार दिन तक उसे हवस का शिकार बनाते रहे। विरोध करने पर आरोपी उसे पिस्तौल के बल पर धमकाते थे।

गत 19 फरवरी को वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग आई। उसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। थाना डिवीजन नंबर सात के एसएचओ इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह के अनुसार यह मामला महिला के बयानों के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
 
Top