Punjab News 22 माह बाद मिला कौंसिल को अध्यक्ष

22 माह के लंबे अंतराल के बाद नगर कौंसिल फिरोजपुर सिटी की कुर्सी पर आखिर पार्षद दविन्द्र कपूर अध्यक्ष के रूप में बिराजमान हो गए। कपूर के साथ वार्ड नंबर 9 के अकाली पार्षद पूर्ण सिंह जोसन वरिष्ठ उपाध्यक्ष जबकि वार्ड नंबर 15 के पार्षद राजिन्द्र चानना कनिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए हैं।

चूंकि नगर कौंसिल चुनाव के पश्चात करीब आधा दर्जन बार अध्यक्ष पद का चुनाव रद्द हो चुका था, इस बार ऐसा ना हो इसके लिए नगर कौंसिल परिसर में चुनावी मीटिंग से पूर्व सभी अकाली व भाजपा पार्षदों की विधायक सुखपाल सिंह नन्नू के निवास स्थान पूर्व प्रांतीय अध्यक्षों प्रोफेसर बृज लाल रिणवा, प्रोफेसर राजिन्द्र भंडारी, पंजाब भाजपा के पूर्व महासचिव कमल शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव सुखपाल सिंह नन्नू के नेतृत्व में बंद कमरे में मीटिंग हुई। मीटिंग में भाजपा की हो रही फजीहत की दुहाई देकर सभी अकाली-भाजपा पार्षदों को एक प्लेटफार्म पर लाने के बाद सभी एक साथ नगर कौंसिल परिसर पहुंचे, पहले से ही तय योजना के अनुसार सब की सहमति लेकर दविन्द्र कपूर और अश्विनी ग्रोवर को डेढ- डेढ वर्ष के लिए अध्यक्ष बनाने के लिए उनके नामों की पर्ची डाली गई।

बताया जाता है कि पर्ची को राजिन्द्र भंडारी ने उठाया और पहले डेढ वर्ष के लिए पार्षद दविन्द्र कपूर की पर्ची निकली जिन्हें डेढ वर्ष के लिए अध्यक्ष घोषित कर दिया गया।

बिना पक्षपात के होंगे काम

अध्यक्ष बनने के पश्चात दविन्द्र कपूर ने भाजपा हाईकमान का शुक्रिया अदा करते हुए नगर निवासियों को आश्वासन दिया कि वह सभी पार्षदों को साथ लेकर नगर के सभी वार्डों का बिना किसी पक्षपात विकास करवाएंगे और दो वर्ष से नगर निवासी जिन समस्याओं से जूझ रहे हैं उन्हें दूर करना उनकी प्राथमिकता होगी। वहीं विधायक सुखपाल सिंह नन्नू ने कहा कि नगर के विकास के लिए उन्हें अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और कनिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कंधे मिल गए हैं और इन पदाधिकारियों व नगर पार्षदों के सहयोग से वह रूके हुए विकास कार्यों को शीघ्र ही पूरा करवाएंगे।

मिसाल बनेगा शहर

पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राजिन्द्र भंडारी ने सर्वप्रथम नगर निवासियों से इस बात के लिए निजी तौर पर माफी मांगी कि दो वर्ष तक भाजपा नगर को अध्यक्ष नहीं दे पाई इसके साथ उन्होंने कहा कि दो वर्ष में नगर में जो विकास कार्य रूके पड़े थे, आगामी तीन वर्ष में उनमें इतनी तेजी लाई जाएगी कि फिरोजपुर शहर राज्य में एक मिसाल बन जाएगा। वैसे भी विधायक सुखपाल सिंह नन्नू फंड लाने में माहिर हैं और उनके नेतृत्व में नगर का बेहतर विकास होना यकीनी है। भंडारी ने पार्षदों और शहरवासियों का धन्यवाद किया।
 
Top